Weather Update Today, मौसम न्यूज 31 दिसंबर 2024; दिल्ली और उत्तर भारत में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली में तापमान 8 से 15 डिग्री सेल्सियस का है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है जिससे मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ गई है। उत्तराखंड और यूपी में कोहरा और शीतलहर का अनुमान है।

हाइलाइट्स

  • उत्तर भारत में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है..
  • दिल्ली में अधिकतम तापमान 15 डिग्री तक पहुंचा..
  • राजस्थान में 1 जनवरी को ठंड का असर रहेगा..
  • उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा..

INB एजेंसी रिपोर्ट आज का मौसम 31 दिसंबर 2024; दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। बारिश के बाद तापमान में आई कमी लोगों को ठिठुरन का अहसास दिला रही है। देश की राजधानी में तो लोग अदद धूप को तरस रहे हैं। दिनभर चल रही शीतलहर और आसमान में छाए बादल ने मौसम ही बदल दिया है। पहाड़ों पर बर्फबारी जारी है जिससे बाकी राज्यों में भी पारा गिरा है। नए साल में भी उत्तर भारत के कई राज्य ठंड से कांपेंगे हालांकि बारिश नहीं होगी। तो आइए एक नजर डालते हैं देशभर के मौसम पर..

राजस्थान की पहले बात करते हैं

राजस्थान की बात करें तो राजस्थान में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में घने से अति घना कोहरा छाया रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि शीत लहर का असर 1 जनवरी तक जारी रह सकता है। यानी नए साल के पहले दिन भी राज्य के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। बिहार के मौसम की ओर रुख करते हैं।

देश की राजधानी दिल्ली का मौसम?

दिल्ली में नए साल से एक दिन पहले ठंड अपना असर दिखाएगी। आज अधिकतम तापमान 15 तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर रहेगा। इसके अलावा सुबह-शाम कोहरा परेशान कर सकता है। बाकी दिन मौसम साफ रहेगा। बारिश का कोई अनुमान नहीं है। 1 जनवरी को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तो अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस रहेगा। सुबह मध्यम से घना कोहरा रहेगा। आसमान साफ रहेगा। 2 जनवरी से 5 जनवरी तक अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी और यह 22 डिग्री पहुंचेगा, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक जा सकता है।

पंजाब-हरियाणा के हाल?

दिल्ली के नजदीक दो राज्य पंजाब और हरियाणा की बात करते हैं। पंजाब में आज घने कोहरे से शुरुआत होगी। नए साल के लिए कोहरे या शीतलहर का अलर्ट नहीं है। 2 जनवरी से 5 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा,बारिश का कोई अंदेशा नहीं है। हरियाणा की बात करें तो आज यहां भी घने कोहरे के साथ शीतलहर परेशान कर सकती है। इसके अलावा 1 जनवरी से 5 जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। कोई बड़ा अलर्ट नहीं है।

यूपी समेत इन राज्यों का हाल जानिए

उत्तर प्रदेश की बात करें तो अचानक मौसम में आए बदलाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन के समय भी ठिठुरन वाली ठंड महसूस हो रही है। राजधानी लखनऊ में बीते दो दिनों से धूप निकलने का नाम ही नहीं ले रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 दिसंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन कई जगहों पर घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। साथ ही,कई क्षेत्रों में शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है। बिहार में नए साल के पहले दिन ठिठुरन बढ़ने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान में गिरावट और शीतलहर परेशान कर सकती है। आज भी कई जिलों में ठंड लोगों की कंपकंपी छुटा सकती है।

पहाड़ी राज्यों की बात करते हैं

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी जारी है। यहां आज दिनभर शीतलहर चलती रहेगी। पूरे दिन लोगों को ठंड सताएगी। श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने एक जनवरी से जम्मू-कश्मीर में मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है। केंद्र के अनुसार, एक से दो जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद, तीन से छह जनवरी तक भारी बर्फबारी की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां भी लोग बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बर्फबारी हो रही है। राज्य के कई क्षेत्रों में 10 सेंटीमीटर से अधिक ताजा बर्फ जमी हुई है। कल्पा में 14.9 सेंटीमीटर, कुफरी में 14.5 सेंटीमीटर, पूह और मुरंग में 12-12 सेंटीमीटर, खदराला में 10 सेंटीमीटर, सांगला में 8.5 सेंटीमीटर, केलंग में 8 सेंटीमीटर और कुकमसेरी में 1.6 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। उत्तराखंड की बात करें तो नए साल के जश्न के बीच उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कड़ाके की ठंड और सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपा सकती हैं। मौसम विभाग ने राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में पाला गिरने और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने का पूर्वानुमान जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *